वित्तीय वर्ष 2024-25 में संचालित जन भागीदारी अभियान, तालाब गहरीकरण से लेकर जलतारा और वर्षा जल संचयन तक बड़े पैमाने पर पहल।
नई दिल्ली में मौजूदा डीएम पुलकित गर्ग को केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने किया सम्मानित।
जनपद चित्रकूट के पूर्व डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. के प्रयासों से हुए जल संरक्षण के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए देश का छठां राष्ट्रीय जल पुरस्कार अपने नाम कर लिया। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी0आर0 पाटिल ने चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को सम्मानित किया। पुरस्कार के साथ एक करोड़ रुपये की धनराशि भी प्रदान की गई। इस सम्मान का आधार रहा वित्तीय वर्ष 2024-25 में तत्कालीन जिलाधिकारी रहे एवं वर्तमान में सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. का नेतृत्व, जिनके मार्गदर्शन में जनपद में 15,000 से अधिक जल संरक्षण व जल संचयन कार्य विभिन्न विभागों के माध्यम से कराये गये। इनमें तालाबों का गहरीकरण, सोकपिट निर्माण, बंधी निर्माण, समतलीकरण, वन क्षेत्रों में ट्रेंच, जलतारा निर्माण, वर्षा जल संचयन संरचनायें जैसी कई महत्वपूर्ण पहलें शामिल रहीं। सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि चित्रकूट में मेरे सेवाकाल के दौरान जो कार्य किये गये, उन पर जनपद को राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान गर्व का विषय है। जनभागीदारी अभियान 1.0 के अन्तर्गत किये गये इन व्यापक कार्यों ने न केवल चित्रकूट के जल स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाया है, बल्कि इसे राष्ट्रीय मंच पर भी विशिष्ट पहचान दिलाई है। मुझे उम्मीद है कि मौजूदा जिलाधिकारी इस अभियान को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाते रहेंगे।
