जिम्मेदारों की मिलीभगत से टीशम, बरगदवा, धनौरा बुजुर्ग व घोरही नदी के आसपास खनन जारी, खनन माफिया रीपर से भरकर बढ़नी क्षेत्र में मंहगे दामों पर बेच रहे बलुई मिट्टी।
थाना क्षेत्र ढेबरुआ में अवैध मिट्टी, बालू खनन का कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी मुताबिक ताजा मामला शनिवार का बताया जा रहा है। जहां पर ढेबरुआ थाना क्षेत्र के टीशम, बरगदवा, धनौरा बुजुर्ग व घोरही नदी के आस-पास खाली पड़ी जमीनों पर रिपर लगाकर खनन माफिया मिट्टी भरकर नगर पंचायत बढ़नी क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हो रहे निर्माण कार्यों में महंगे दामों पर बेच रहे हैं। जबकि उक्त जगहों से अवैध खनन के दौरान शोहरतगढ़ तहसील प्रशासन ने विगत कई माह पहले एक ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ कर कोरम पूरा करते हुए कार्रवाई कर चुका है। लेकिन सेटिंग-गेटिंग के जरिए यह अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कई ट्रैक्टर चालक बिना डीएल के ही अवैध कार्यों में निजी कृषि कार्य हेतु रजिस्टर्ड ट्रैक्टर- ट्रालियां बिना नम्बर प्लेट के सड़कों पर दौड़ा रहे है कि सामने से गुजरने वाले लोगों के रोंगटे खड़ी हो जाती है, जिससे कभी भी सड़क दुघर्टना हो सकती है। उक्त सम्बन्ध में एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराकर इस पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। ढेबरुआ पुलिस को कार्यवाही के लिए दिशा-निर्देश जारी किया गया है।
