थाना क्षेत्र जोगिया उदयपुर के पारा नानकार गांव में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने राम आशीष यादव के मकान की दीवार में सेंध काटकर घर से नगदी और जेवरात सहित करीब ₹50 हजार का सामान चुरा लिया। परिवार को चोरी का पता शनिवार सुबह चला, जब उन्होंने दीवार में बड़ा छेद और कमरे का सामान बिखरा हुआ देखा। वहीं राम आशीष यादव ने बताया कि 20 मार्च 2026 को उनकी बहन ममता यादव का द्विरागमन संस्कार (गौना) होना है। इसी के लिए खरीदे गये कपड़े, जेवरात और अन्य कीमती घरेलू सामान उसी कमरे में सुरक्षित रखे थे, जिसे चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने घर की दीवार में लगभग तीन फीट लम्बा और चार फीट चौड़ा सेंध काटा। इसी रास्ते से घर में दाखिल होकर चोरों ने कमरे से तीन बक्से और एक बैग उठा लिया। चोर इन बक्सों और बैग को घर से लगभग 500 मीटर दूर पास के खेत में ले गये। वहां उन्होंने सामान को खंगाला और कीमती चीजें लेकर फरार हो गये। शनिवार सुबह जब परिजन जागे तो उन्हें सेंध की जानकारी हुई। खोजबीन करने पर खाली पड़े बक्से और बैग खेत में मिले, जिससे चोरी की पुष्टि हुई। राम आशीष यादव के मुताबिक चोर लगभग ₹4,000 नगदी और ₹50,000 मूल्य के जेवरात (मंगलसूत्र, पायल सहित अन्य आभूषण) चुरा ले गये हैं। वहीं पीड़ित परिवार का मानना है कि चोरों को घर में रखे कीमती सामान की पहले से जानकारी थी। जोगिया उदयपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
सिद्धार्थनगर
दीवार में सेंध काटकर ₹50 हजार की चोरी, जेवरात भी लेकर फरार हुआ चोर
- by Netra 24 Times
- 14/12/2025
- 148 Views
- 2 months ago
