जिला कलेक्ट्रेट, अस्पताल, लोहिया कला भवन के शिलापट्ट मुलायम सिंह यादव की याद दिलाते हैं।
समाजवादी पार्टी कार्यालय शोहरतगढ़ में शनिवार को पद्म विभूषण नेता मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयन्ती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सादगीपूर्ण रूप से याद किया गया। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ ने कहा कि सिद्धार्थनगर की स्थापना का श्रेय नेता जी को ही जाता है। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में सिद्धार्थनगर में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए। जिला कलेक्ट्रेट, अस्पताल, लोहिया कला भवन के शिलापट्ट मुलायम सिंह यादव की याद दिलाते हैं। एक नेता के रूप में उनका व्यक्तित्व बहुआयामी था। उन्होंने समाज के सभी क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ी। शोहरतगढ़ विधानसभा में कई बड़े पुल उन्हीं की देन हैं। राजनीति में ऐसे नेता विरले होते हैं जिनकी प्रशंसा उनके धुर राजनैतिक विरोधी भी करते हैं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शकील शाह जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा, गोपाल फौजी जिलाध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
