भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्य स्मृति में भारतीय जनता पार्टी, विधानसभा क्षेत्र 305 इटवा के खुनियांव ब्लाक बाग में आयोजित “अटल स्मृति सम्मेलन” भावनात्मक, वैचारिक एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
सम्मेलन की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (ग्राम विकास) श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम , विशिष्ट अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री राजेश पाल चौधरी , जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान , जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा तथा आयोजक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी रहे।
राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे स्तंभ थे जिन्होंने सिद्धांत, संवेदनशीलता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। वे विचारों के राजनेता थे, जिनकी सोच आज भी देश का मार्गदर्शन कर रही है।”
उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई। “आ000ज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी अटल जी के सपनों को आगे बढ़ाते हुए गांव, गरीब और किसान के सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रहे हैं।”
गौतम जी ने ग्राम विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं ग्रामीण भारत की तस्वीर बदल रही हैं।
भाजपा क्षेत्रीय मंत्री राजेश पाल चौधरी ने कहा कि “अटल जी की राजनीति संवाद और सहमति की राजनीति थी। वे विपक्ष का भी सम्मान करते थे, यही उनकी महानता थी।”
उन्होंने कहा कि भाजपा की वैचारिक मजबूती में अटल जी का योगदान अतुलनीय है। “आज पार्टी कार्यकर्ता जिस ऊर्जा और संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं, वह अटल जी के आदर्शों का परिणाम है।”
कार्यक्रम के आयोजक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने भावुक शब्दों में कहा कि “अटल जी मेरे लिए केवल नेता नहीं, बल्कि प्रेरणा स्रोत थे। उन्होंने हमें सिखाया कि सत्ता नहीं, सेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य है।”
उन्होंने कहा कि अटल ने जिस भारत की कल्पना की थी, वह भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है।
डॉ. द्विवेदी ने कहा कि “इटवा और खुनियांव की धरती से अटल जी को स्मरण करना मेरा सौभाग्य है। हम सभी का दायित्व है कि उनकी राष्ट्रवादी सोच, सुशासन और समरसता के मूल्यों को आगे बढ़ाएं।”
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों से आह्वान किया कि वे अटल जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि खुनियांव राजेन्द्र दूबे, चेयरमैन बिस्कोहर अजय गुप्ता, चेयरमैन इटवा विकास जायसवाल, भाजपा जिला मंत्री कृष्णा मिश्र,जिला मिडिया प्रभारी निशांत पाण्डेय,मण्डल अध्यक्षगण खुनियांव राजेश पाण्डेय, इटवा दीपनारायण त्रिपाठी, बेलवा रामसूरत चौरसिया, बिस्कोहर श्रवण गिरी, वरिष्ट नेता गण हरिशंकर सिंह, राजकिशोर यादव, बलराम मिश्रा, दलसिंगार दूबे, माया मिश्रा, शैलेश पाठक, रामशब्द उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
