स्थानीय शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वामी विवेकानन्द एवं रानी लक्ष्मीबाई इकाइयों द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक प्रेरणादायक संगोष्ठी से हुई, जिसका संचालन रानी लक्ष्मीबाई इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 ए0के0 सिंह ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में आमन्त्रित मेजर मुकेश कुमार ने स्वामी विवेकानन्द के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो उन्हें आत्मबल, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना की ओर प्रेरित करता है। संगोष्ठी के उपरान्त महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात ‘स्वदेशी संकल्प रन’ (Run for Swadeshi) का आयोजन किया गया, जो महाविद्यालय परिसर से तिरंगा चौराहा तक सम्पन्न हुआ। इस दौड़ में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, डॉ0 राम किशोर सिंह (स्वामी विवेकानन्द इकाई के कार्यक्रम अधिकारी), डॉ0 अजय सिंह, डॉ0 जय नारायण तिवारी, डॉ0 विनोद कुमार, डॉ0 प्रवीण, डॉ0 सुशील, डॉ0 अखिलेश, रमेश, सहित अनेक गणमान्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
सिद्धार्थनगर
महाविद्यालय में “युवा दिवस” पर संगोष्ठी, स्वच्छता अभियान और ‘स्वदेशी संकल्प रन’ का हुआ आयोजन
- by Netra 24 Times
- 12/01/2026
- 98 Views
- 1 month ago
