विकास खण्ड बर्डपुर अन्तर्गत ग्राम पंचायत बजहां के नरखोरिया में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान राशन वितरण प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर ग्रामीणों ने सार्वजनिक रूप से कोटेदार पर आरोप लगाया कि वर्षों से उन्हें निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा है, लेकिन विरोध करने पर दबाव बनाकर आवाज दबा दी जाती है। ग्रामीण रामू ने बताया कि बाप-दादाओं के जमाने से ऐसा ही चलता आ रहा है। जब भी कोई सवाल उठाता है तो ग्राम सभा से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा दबाव बनाकर मामला शान्त करा दिया जाता है, जिससे कोई खुलकर शिकायत नहीं कर पाता। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि डर और दबाव के कारण कई लोग सच सामने लाने से बचते हैं, जिससे राशन घटतौली जैसी समस्याएं वर्षों से बनी हुई हैं। जबकि कोटेदार रऊफ के पौत्र मोबीन ने दूरभाष पर सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति को राशन कम मिलता है तो उसे तुरन्त शिकायत करनी चाहिए। राशन वितरण पूरी पारदर्शिता से किया जाता है। इस सम्बन्ध में पूर्ति निरीक्षक विंध्यवासिनी श्रीवास्तव ने ग्रामीणों द्वारा जांच की मांग को लेकर कहा कि ग्रामीण को राशन वितरण मामले को दिखवाते हैं। हालांकि ग्रामीणों के आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच का विषय है। लेकिन अगर ग्रामीणों के आरोप सही पाये जाते हैं, तो यह सवाल जरूर खड़ा करता है कि इतने लम्बे समय से कथित राशन घटतौली पर विभागीय जिम्मेदारी आखिर क्या रही। अब देखना यह होगा कि पूर्ति निरीक्षक इस मामले में किस तरह संज्ञान लेते हैं और क्या कार्रवाई की जाती है।
सिद्धार्थनगर
ग्राम पंचायत बजहां के ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन घटतौली का लगाया आरोप, जांच की मांग
- by Netra 24 Times
- 16/01/2026
- 81 Views
- 1 month ago
