प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता हुईं शामिल गोरखपुर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना को लेकर सीएमओ डॉ राजेश झा ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से अभिमुखीकरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि योजना के तहत पात्र अधिकाधिक लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में जिले भर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एएनएम और आशा कार्यकर्ता शामिल हुईं। सीएमओ डॉ झा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आयुष्मान भारत योजना के पात्र सभी लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। खासतौर से सत्तर वर्ष और उससे अधिक आयु के बुजुर्गों का कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए समुदाय के बीच अधिकाधिक प्रचार प्रसार कराया जाए। आवश्यकतानुसार कैम्प प्लान किए जाएं और पहले से सूचना देकर लोगों के कार्ड बनाए जाएं। आशा कार्यकर्ता अपने गृह भ्रमण के दौरान पात्र लोगों को कार्ड के बारे में भी जानकारी देना सुनिश्चित करें। लोकतंत्र सेनानी और जीरो पावर्टी लाइन जैसे श्रेणियों के लाभार्थियों का भी कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। सीएमओ ने कहा कि योजना के पात्र लाभार्थियों को बताया जाए कि पहल से योजना का कार्ड रहने से इलाज समय से शुरू हो जाता है। प्रक्रिया में लगने वाले समय की बचत होती है और इससे मरीज के जीवन की रक्षा की संभावना कहीं अधिक बढ़ जाती है। लोगों के बीच यह भी स्पष्ट संदेश देने की आवश्यकता है कि आयुष्मान कार्ड उन्हीं का बनता है जो सूचीबद्ध पात्र लाभार्थी होते हैं। जो लाभार्थी नहीं हैं उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया जा सकता है। साथ ही बताया जाए कि कार्डधारक को सरकारी के साथ-साथ सम्बद्ध निजी अस्पताल में भी भर्ती होने के बाद निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय सहित तकनीकी सहयोगी टीम भी अभिमुखीकरण कार्यक्रम में शामिल हुई।
गोरखपुर
प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना को लेकर किया गया वर्चुअल अभिमुखीकरण
- by Netra 24 Times
- 04/02/2026
- 28 Views
- 2 weeks ago
