नगर पंचायत बढ़नी के चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने ईओ अजय कुमार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिलाधिकारी को दिये शिकायती पत्र में उन्होंने विकास कार्यों में अनियमितता की अनदेखी समेत ईओ पर कई गम्भीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने ईओ अजय कुमार पर स्वयं उनकी भी अनदेखी करने का आरोप लगाया है। इससे पहले एडीएम को दिये पत्र में समस्याओं का निदान न होने पर उनके द्वारा नगर पंचायत के कार्यों का बहिष्कार करने की घोषणा की गई थी। चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने बताया कि पूर्व जिलाधिकारी द्वारा नगर पंचायत बढ़नी के सम्पत्ति का ब्यौरा मांगा गया था। इसके बाद उनके द्वारा मौखिक एवं लिखित रूप से अपर एवं उपजिलाधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी को बार-बार निवेदन किया गया कि जो भी सम्पत्ति है, उसको चिह्नित करके उपलब्ध करायें, ताकि शासन के मंशानुरूप विकास कार्य हो सकें। सभासदों द्वारा एवं जनता द्वारा कई बार अधिशासी अधिकारी अजय कुमार को मौखिक एवं लिखित रूप से विभिन्न वार्डों में अतिक्रमण को लेकर अवगत कराया गया। जिसमें बताया गया कि बाजार में अतिक्रमण के चलते चलना दुभर है। इस अतिक्रमण को लेकर उनके द्वारा भी लिखित एवं मौखिक रूप से कई बार लगभग डेढ़ वर्षों से अधिशासी अधिकारी को अवगत कराया गया, परन्तु उन पर कोई भी असर नहीं हो रहा है। उनके द्वारा लिखित एवं मौखिक रूप से ईओ, एसडीएम शोहरतगढ़ एवं एडीएम से बार-बार पत्र व्यवहार एवं मौखिक रूप से निवेदन किये जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जिससे क्षुब्ध होकर पांच जनवरी को अपर जिलाधिकारी को लिखित रूप से सारे प्रकरण से अवगत कराया एवं उसी प्रार्थनापत्र में नगर पंचायत के सारे कार्य का बहिष्कार भी किया गया। इसके एक सप्ताह बाद भी किसी भी समस्या पर अधिकारियों द्वारा कोई भी कार्य न करने से नगर पंचायत व सरकार की छवि धूमिल हो रही है। वहीं इस सम्बन्ध में एडीएम सिद्धार्थनगर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मिले शिकायती पत्र के आधार पर ईओ बढ़नी एवं एसडीएम शोहरतगढ़ से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।
